0 सीसीटीवी लगाने और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश
कवर्धा, 24 जून (आरएनएस)। जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से कबीरधाम पुलिस द्वारा होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट एवं कैफे में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कवर्धा शहर के लालपुर रोड स्थित विभिन्न प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और संचालन संबंधी व्यवस्थाओं की जांच की गई।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह (आईपीएस) के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के तहत एसडीओपी आशीष शुक्ला और कोतवाली थाना प्रभारी योगेश कश्यप के नेतृत्व में होटल, रेस्टोरेंट एवं कैफे का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, उनकी गुणवत्ता और रिकॉर्डिंग व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान संचालकों को उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने, उन्हें नियमित रूप से चालू रखने तथा फुटेज को निर्धारित अवधि तक सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में सीसीटीवी फुटेज जांच का महत्वपूर्ण आधार बनता है।
जांच के दौरान कुछ होटलों और कैफे में पर्दा लगाकर अलग-अलग कक्ष जैसी व्यवस्था बनाई गई थी, जिससे पारदर्शिता प्रभावित हो रही थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ऐसे पर्दों को हटवाया और संचालकों को भविष्य में इस प्रकार की व्यवस्था नहीं करने की सख्त चेतावनी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रतिष्ठानों में ऐसी कोई व्यवस्था नहीं होनी चाहिए, जिससे संदिग्ध या अवांछित गतिविधियों को बढ़ावा मिले।
पुलिस ने होटल, रेस्टोरेंट एवं कैफे संचालकों को आगंतुकों, विशेष रूप से नाबालिगों के प्रति सतर्क रहने, संदिग्ध व्यक्तियों अथवा गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा परिसर में सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
एसडीओपी आशीष शुक्ला ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए इस प्रकार की नियमित जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी संचालकों के लिए निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य है। नियमों के उल्लंघन या संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। पुलिस का यह अभियान जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी जारी रहेगा।
0

