दुर्ग, 24 जून (आरएनएस)। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) से संगठित तरीके से स्क्रैप चोरी और उसके अवैध परिवहन के मामले में दुर्ग पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना खुर्सीपार पुलिस ने इस बहुचर्चित प्रकरण में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। मामले में अब तक कुल 13 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार 26 मई 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम अकलोरडीह खदान पारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स परिसर में जांच की गई थी। जांच के दौरान कई हाईवा और ट्रकों में फ्लू डस्ट के साथ बीएसपी से चोरी किए गए लोहे के स्क्रैप, प्लेट और बीम कटिंग लोड पाए गए। मौके पर बड़ी मात्रा में स्क्रैप सामग्री का भंडारण भी मिला था।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि फ्लू डस्ट परिवहन की आड़ में भिलाई स्टील प्लांट से चोरी किए गए लोहे के स्क्रैप का अवैध परिवहन और विक्रय किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 250 टन लोहे की प्लेट, बीम कटिंग एवं अन्य स्क्रैप सामग्री जब्त की थी, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 90 लाख रुपये बताई गई। वहीं परिवहन और लोडिंग में प्रयुक्त वाहनों एवं मशीनरी सहित कुल लगभग 3 करोड़ 22 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई थी।
मामले में पहले ही 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। फरार आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस ने तेजराम निषाद उर्फ दद्दू (35 वर्ष), निवासी जेवरा सिरसा, जिला दुर्ग को चिन्हित कर हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी की संलिप्तता सामने आने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी हाईवा चालक के रूप में स्क्रैप के अवैध परिवहन में शामिल था। मामले की विवेचना जारी है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना खुर्सीपार, एसीसीयू दुर्ग एवं विवेचना टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि औद्योगिक सामग्री एवं स्क्रैप के अवैध क्रय-विक्रय या परिवहन संबंधी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। ऐसे अपराधों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
0

