जांजगीर, 24 जून (आरएनएस)। जांजगीर सिटी कोतवाली पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू भी बरामद किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना सिटी कोतवाली की टीम क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मड़वा चौक के पास एक व्यक्ति हाथ में धारदार हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने के साथ मारने के लिए दौड़ा रहा है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
सूचना मिलते ही मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं सीएसपी योगिता खापर्डे को दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस ने मड़वा चौक से संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम जयप्रकाश पटेल (33 वर्ष) निवासी ग्राम मड़वा भाटापारा, जांजगीर बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आम्र्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, प्रधान आरक्षक राकेश तिवारी, प्रकाश राठौर तथा आरक्षक विनोद राठौर और हजारीलाल मेरसा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराकर लोगों में भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
0

