हरिद्वार 24 जून (आरएनएस)। रेलवे भूमि पर किए गए कथित अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट हरगिरी के नेतृत्व में प्रशासन, रेलवे और संबंधित विभागों की संयुक्त टीम पुराने रानीपुर मोड़ स्थित रेलवे अंडरपास के निकट पहुंची। टीम का उद्देश्य रेलवे भूमि पर हुए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई करना था। कार्रवाई की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। लोगों ने प्रशासन के समक्ष भूमि संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करते हुए संबंधित भूमि पर अपना वैध अधिकार होने का दावा किया। सिटी मजिस्ट्रेट हरगिरी ने लोगों की बात सुनने के बाद उनके द्वारा प्रस्तुत अभिलेखों का संज्ञान लिया और मौके पर मौजूद रेलवे अधिकारियों को दस्तावेजों की विधिवत जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी तथ्यों और अभिलेखों का परीक्षण कर भूमि की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। दस्तावेजों की जांच के निर्देश के बाद संयुक्त टीम बिना किसी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई किए वापस लौट गई। अब अभिलेखों के परीक्षण और जांच रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे का निर्णय लिया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

