रायगढ़, 24 जून (आरएनएस)। शहर में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस ने विजुअल पुलिसिंग अभियान को तेज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में कोतवाली पुलिस द्वारा सोमवार शाम शहर के प्रमुख बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक फुट पेट्रोलिंग की गई।
एडिशनल एसपी अनिल सोनी और नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान में सीएसपी स्वयं पुलिस बल के साथ सड़कों पर उतरे और विभिन्न क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस जवानों को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच करने तथा असामाजिक गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए।
प्रमुख बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में जांच
एसआई ऐनु देवांगन और एएसआई गौतम ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हटरी बाजार, न्यू मार्केट, सराफा बाजार, सब्जी मार्केट, गौरीशंकर मंदिर मार्ग, मॉल के सामने मुख्य मार्ग और बड़पारा क्षेत्र में पैदल गश्त की। बड़पारा स्थित शराब भ_ी के आसपास मौजूद संदिग्ध युवकों से पूछताछ कर वाहनों की जांच भी की गई।
इसके बाद पुलिस टीम ने संजय कॉम्प्लेक्स, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ चौक, रेलवे स्टेशन, सत्तीगुड़ी चौक, बैकुंठपुर और राजीव नगर वार्डों में पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
अड्डेबाजी और शराबखोरी करने वालों को चेतावनी
पेट्रोलिंग के दौरान सार्वजनिक स्थानों और सुनसान इलाकों में अड्डेबाजी कर रहे युवकों, शराब सेवन कर हंगामा करने वालों तथा झगड़ा-विवाद की प्रवृत्ति वाले व्यक्तियों को सख्त चेतावनी दी गई। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
अपराधियों में भय, आमजन में विश्वास बढ़ाने पर जोर
रायगढ़ पुलिस के अनुसार विजुअल पुलिसिंग के तहत प्रतिदिन अलग-अलग थाना क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों में पैदल गश्त की जा रही है। इसका उद्देश्य अपराधियों में पुलिस का भय बनाए रखना और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।
0

