देहरादून,18 मई (आरएनएस)। कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एमडीडीए कॉलोनी चंदर रोड डालनवाला की समस्याओं को लेकर मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण परिसर में रोष प्रदर्शन किया। कहा कि ईडब्लूएस और एलआईजी के मकानों के पुनर्निर्माण के लिए स्पष्ट नीति नहीं बनने से लोग परेशान हैं। प्रदर्शनकारियों ने मांगों के संबंध में एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी को ज्ञापन सौंपा। सोमवार को पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत के नेतृत्व में कार्यकर्ता प्राधिकरण कार्यालय पहुंचे थे। प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से अधिकारी को अवगत करवाया कि एमडीडीए कालोनी का निर्माण करीब 36 साल पहले हुआ था। लेकिन समय बीतने के साथ कई भवन जर्जर हो गए हैं। कई भवनों में अत्यधिक सीलन और पानी टपकने की समस्या बनी हुई है। जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा ईडब्लूएस और एलआईजी के मकानों के पुनर्निर्माण के लिए स्पष्ट नीति बनाने, एमडीडीए की खाली भूमि इच्छुक लोगों को सर्किल रेट पर उपलब्ध करवाने, जर्जर मकानों के पुनर्निर्माण व लोगों को अस्थायी टीन शेड लगाने की अनुमति देने की मांग उठाई। पार्षद रोबिन त्यागी ने कहा कि 30 साल पहले आवास बने थे जो पुराने हो चुके हैं। उत्तराखंड में आपदाएं आती रहती हैं। बारिश से बचने के लिए अस्थाई निर्माण को अनुमति दी जानी चाहिएताकि गरीब आदमी को बरसात में समस्या नहीं झेलनी पड़े। एमडीडीए उपाध्यक्ष ने आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़ी इन मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए उचित कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान संजय शर्मा, टीटू त्यागी, विनोद चौहान, मनोज भट्ट, विजय चौहान, विनीत प्रसाद भट्ट, अमित रावत, मदन लाल, हिमांशु रावत, सहजाद अंसारी, अभिषेक तिवारी, अर्जुन सोनकर, सिद्धार्थ अग्रवाल, गौतम डोगरा, तेजस्वी राणा आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

