नईदिल्ली,24 जून। महिला टी-20 विश्व कप 2026 के 19वें मुकाबले में न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम ने स्कॉटलैंड महिला क्रिकेट टीम को 6 विकेट से हरा दिया। ये कीवी टीम की इस टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत है। वहीं, पहले 2 मैच में उसने वेस्टइंडीज और श्रीलंका के खिलाफ हार झेली थी। स्कॉटलैंड ने लगातार तीसरी हार झेली है। उसे एकमात्र जीत आयरलैंड के खिलाफ अपने पहले मैच में मिली थी। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डाल लेते हैं।
मैच में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। स्कॉटलैंड की टीम 20 ओवर में 131/7 का स्कोर ही बना पाई। डार्सी कार्टर ने स्कॉटलैंड के लिए सबसे ज्यादा 72 रन की पारी खेली। उनके अलावा और कोई भी बल्लेबाज अच्छा नहीं कर पाया। अमेलिया केर ने 3 विकेट अपने नाम किए। जवाब में न्यूजीलैंड ने 18.2 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इजी शार्प ने सबसे ज्यादा 62 रन की पारी खेली।
कार्टर ने 52 गेंदों का सामना किया और 72 रन बनाकर आउट हुईं। उनके बल्ले से 8 चौके और एक छक्का निकला। उनकी स्ट्राइक रेट 138.46 की रही। कार्टर ने इस टूर्नामेंट में अपना दूसरा पचासा लगाया। उन्होंने अब तक 8 मुकाबले खेले हैं और इसकी 8 पारियों में 32.16 की औसत से 193 रन बनाने में सफल रहीं हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 108.42 की रही है। कार्टर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 72* रन का रहा है।
शार्प ने 43 गेंदों में 62 रन बनाए। उनके बल्ले से 8 चौके और एक छक्का निकला। उनकी स्ट्राइक रेट 144.19 की रही। ये टी-20 विश्व कप में इस खिलाड़ी का पहला अर्धशतक रहा। उन्होंने इस टूर्नामेंट में अब तक 4 मुकाबले खेले हैं और इसकी 4 पारियों में 25.75 की औसत से 103 रन बनाने में सफल रहीं हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 133.76 की रही है। यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी शार्प का पहला अर्धशतक रहा।
शार्प और ब्रूक हॉलिडे ने चौथे विकेट के लिए 75 गेंदों में 101 रन की शानदार साझेदारी निभाकर इतिहास रच दिया। यह महिला टी-20 विश्व कप में न्यूजीलैंड की ओर से चौथे विकेट के लिए की गई अब तक की सबसे बड़ी साझेदारी है। ब्रूक 38 गेंदों में 41 रन बनाकर आउट हुईं। उनके बल्ले से 3 चौके निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 107.89 की रही। इसी साझेदारी के कारण पूरा मैच न्यूजीलैंड के पक्ष में आ गया।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

