कोटा/बिलासपुर, 24 जून (आरएनएस)। शासकीय हाई स्कूल खुरदुर में संकुल स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, पालकों एवं विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं की उपस्थिति में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत किया गया तथा मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रजनी मरकाम, जनपद सदस्य नम्रता कोले, सरपंच एवं पंचगणों के साथ खरगहनी से शिक्षाविद श्री विष्णु प्रसाद कैवर्त, जानसिंह तथा बड़ी संख्या में पालकगण उपस्थित रहे। इसके अलावा संकुल प्राचार्य नरेंद्र प्रसाद मिश्रा, व्याख्याता विक्रम सिंह सिकरवार, किरण कुमार गजरघंट, प्रीति यादव, मधूलता टंडन, संकुल समन्वयक मणीकांत मिश्रा, प्रधान पाठक पवन पटेल, आजूलाल सहिस, कलाराम देसवार, संतोष सोनवानी, रविंद्र मारते एवं सुरेंद्र कुमार यादव सहित सभी विद्यालयों के शिक्षक एवं प्रधान पाठक कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया और अतिथियों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के बोर्ड परीक्षा के टॉपर्स को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्य पुस्तकें एवं साइकिलों का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को पढ़ाई डर से नहीं बल्कि मन लगाकर करने की सीख दी तथा क्षेत्र में शिक्षा के विकास के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। शिक्षाविद विष्णु प्रसाद कैवर्त ने कक्षा 10वीं के टॉपर विद्यार्थी को 500 रुपये की नगद प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के अंत में संकुल प्राचार्य नरेंद्र प्रसाद मिश्रा ने कहा कि शिक्षा ही राष्ट्र निर्माण का आधार है। आज का शिक्षित और संस्कारित विद्यार्थी ही भविष्य में देश को विकास और प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ाने का कार्य करेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन और मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर होने का आह्वान किया।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

