फर्जी ट्रैवल एजेंटों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई, इमीग्रेशन सेंटरों की जांच के लिए थाना प्रभारियों को निर्देश।
सिरसा 24 जून (आरएनएस)। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार जिला सिरसा में संचालित सभी इमीग्रेशन सेंटरों एवं ट्रैवल एजेंटों के दस्तावेजों की जांच के लिए सिरसा पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य विदेश भेजने के नाम पर लोगों के साथ होने वाली धोखाधड़ी पर रोक लगाना तथा फर्जी ट्रैवल एजेंटों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने कहा कि शिक्षा, रोजगार अथवा पर्यटन के उद्देश्य से विदेश जाने के इच्छुक लोग अक्सर जागरूकता के अभाव में फर्जी ट्रैवल एजेंटों के झांसे में आ जाते हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि विदेश जाने के लिए वीजा अथवा अन्य औपचारिकताओं से पूर्व संबंधित एजेंट की पूरी जानकारी प्राप्त करें तथा केवल सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त एजेंटों से ही संपर्क करें। एसपी ने बताया कि वीजा लगवाने के नाम पर धोखाधड़ी के मामलों में वृद्धि को देखते हुए सिरसा पुलिस समय-समय पर एडवाइजरी जारी कर लोगों को जागरूक कर रही है। उन्होंने कहा कि सिरसा एक समृद्ध जिला है और यहां के लोगों में विदेश जाने की इच्छा अधिक रहती है। इसी का फायदा उठाकर कुछ फर्जी एजेंट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एवं वेबसाइटों पर आकर्षक विज्ञापन जारी कर भोले-भाले लोगों को अपने जाल में फंसा लेते हैं। उन्होंने कहा कि कई मामलों में लोगों को अवैध रूप से सीमावर्ती अथवा अन्य देशों में भेजने का प्रयास भी किया जाता है, जो न केवल गैरकानूनी है बल्कि युवाओं के भविष्य के लिए भी घातक साबित हो सकता है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में संचालित ट्रैवल एजेंटों एवं इमीग्रेशन सेंटरों की नियमित रूप से जांच की जा रही है। जांच के दौरान यदि कोई फर्जी एजेंट या अनधिकृत इमीग्रेशन सेंटर संचालित पाया गया तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। एसपी दीपक सहारन ने सभी थाना प्रभारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में ट्रैवल एजेंटों की गहन जांच करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अतिरिक्त मुख्य सचिव, हरियाणा सरकार, गृह विभाग के निर्देशों के अनुसार विदेश जाने वाले नागरिक केवल पंजीकृत एजेंटों के माध्यम से ही विदेश जाएं। उन्होंने कहा कि सिरसा जिले में राज ग्लोबल ओवरसीज कंसलटेंट, हिसार रोड स्थित गुलाब नर्सिंग होम के निकट, अधिकृत एक ही एजेंट है। पंजीकृत एजेंटों की सूची ईमिग्रेट पोर्टल पर द्धह्लह्लश्चह्य://द्गद्वद्बद्दह्म्ड्डह्लद्ग.द्दश1.द्बठ्ठ उपलब्ध है। किसी समस्या की स्थिति में हेल्पडेस्क पोर्टल पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने आमजन से सतर्क रहने, किसी भी प्रकार के भुगतान से पहले एजेंट की वैधता की पुष्टि करने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

