सिरसा 24 जून (आरएनएस)। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर बुधवार को तहसीलदार सुनील कुमार की अध्यक्षता में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विनोद बांसल, मंदर सिंह, विकास कुमार, नरेन्द्र, महेन्द्र सिंह व रामधन आदि विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। तहसीलदार सुनील कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटि रहित तैयार करना है। इसलिए प्रत्येक राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि अपने प्रत्येक मतदान केन्द्र पर बीएलए नियुक्त करें। उन्होंने बताया कि बूथ लेवल अधिकारी 14 जुलाई तक घर-घर जाकर मतदाताओं से गणना प्रपत्र भरवाएंगे। इसके लिए मतदाता अपनी दो पासपोर्ट फोटो अपने पास उपलब्ध रखें, गणना प्रपत्र भरने के लिये अन्य कोई भी दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी और गणना प्रपत्र पर घर के किसी भी सदस्य द्वारा हस्ताक्षर किए जा सकते हैं। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अनुरोध किया कि वे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के कार्य के बारे में लोगों को जागरूक करें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने से वंचित ना रहे। उन्होंने जानकारी दी कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मृतक अथवा स्थान छोडऩे वाले और अपात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाये जाने है, वहीं नए वोट भी बनाए जाने हैं और त्रुटि भी सुधारी जाएगी। उन्होंने बताया कि आमजन मतदाता सूची बारे किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त करने हेतु टोल फ्री नंबर 1950 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

