-मंत्री के सामने फार्मेसी शिक्षा और शिक्षकों के हितों का मुद्दा रखा
मथुरा 24 जून (आरएनएस)। अखिल भारतीय फार्मासिस्ट एसोसिएशन (एबीपीए) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शशिभूषण सिंह के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश सरकार के प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल से मुलाकात कर फार्मेसी संवर्ग एवं शिक्षकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को एक विस्तृत मांग पत्र सौंपते हुए प्राविधिक शिक्षा परिषद द्वारा की जा रही कई विसंगतियों को तत्काल दूर करने का आग्रह किया।प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि परिषद की कुछ नीतियों और प्रशासनिक निर्णयों के कारण फार्मेसी शिक्षकों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। एसोसिएशन ने फार्मेसी के शिक्षकों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा तकनीकी और प्रशासनिक स्तर पर व्याप्त समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।मुलाकात के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष शशिभूषण सिंह ने कहा कि परिषद की कार्यप्रणाली में सुधार तथा हितधारकों की परिषद में भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया। प्रदेश अध्यक्ष शिवकुमार ने ज्ञापन के माध्यम से मंत्री से मांग किया कि फार्मेसी की कॉपियों की मूल्यांकन राशि लगभग 10 वर्षों से नहीं बढ़ी है जिसे तत्काल बढ़ाकर 30 रुपए की जाए। वही राष्ट्रीय सचिव राजाराम गंगवार ने मंत्री से मांग कि फार्मेसी संवर्ग के शिक्षकों की भागीदारी परिषद के इंस्पेक्शन में बढ़ाई जाए और परीक्षकों की आई डी का परीक्षण और वेरिफिकेशन कराए जाये। प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल ने एसोसिएशन की सभी मांगों को गंभीरता से सुना और उन्हें उचित कार्रवाई का भरोसा दिया।मंत्री ने आश्वस्त किया कि एसोसिएशन द्वारा उठाए गए सभी तकनीकी एवं प्रशासनिक विषयों की समीक्षा प्राविधिक शिक्षा परिषद के अधिकारियों के साथ की जाएगी और आवश्यकतानुसार तत्काल उचित कदम उठाए जाएंगे। मंत्री के आश्वासन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि फार्मेसी क्षेत्र से जुड़ी लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा। मुलाकात के दौरान राष्ट्रीय सचिव राजाराम गंगवार, प्रदेश अध्यक्ष शिवकुमार, महासचिव विष्णु यादव, हर्षित अग्रवाल मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

