धमतरी, 24 जून (आरएनएस)। धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां गांजा सप्लायर का पता नहीं बताने पर कुछ युवकों ने एक नाबालिग पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल नाबालिग का अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला और लोगों ने एक आरोपी को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी।
जानकारी के अनुसार, भखारा थाना क्षेत्र के भेंडरवानी गांव में दो युवक एक नाबालिग से कथित तौर पर गांजा सप्लाई करने वाले व्यक्ति का पता पूछ रहे थे। नाबालिग द्वारा जानकारी देने से इनकार किए जाने पर दोनों युवक भड़क गए। आरोप है कि उन्होंने अपने पास रखे चाकू से नाबालिग पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने घायल नाबालिग को तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि हमले के दौरान गांव के लोगों ने एक आरोपी को पकड़ लिया और गुस्से में उसकी पिटाई कर दी। बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही भखारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हमलावरों की पहचान, घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। साथ ही घायल नाबालिग का बयान भी दर्ज किए जाने की प्रक्रिया चल रही है।
इस घटना के बाद गांव में नाराजगी का माहौल है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार पर चिंता जताते हुए गांजा तस्करों और नशे के आदी युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि नशे की वजह से अपराध बढ़ रहे हैं और युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

