रांची 24 जून (आरएनएस)। झारखंड की राजधानी रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन में बुधवार को स्वास्थ्य विभाग का भव्य नियुक्ति पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कुल 262 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। नियुक्त होने वाले कर्मियों में 151 स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर, 56 फूड सेफ्टी ऑफिसर, 29 सीनियर हॉस्पिटल मैनेजर और 26 फाइनेंस मैनेजर शामिल हैं। इन नियुक्तियों को राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनता की सेवा ही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने नवचयनित कर्मियों से ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए कुशल मानव संसाधन का होना अत्यंत आवश्यक है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इस अवसर पर जानकारी दी कि आने वाले समय में राज्य में बड़े पैमाने पर स्वास्थ्य क्षेत्र का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि लगभग 1200 डॉक्टरों और 7500 एएनएम-जीएनएम कर्मियों की नियुक्ति प्रक्रिया भी जल्द पूरी की जाएगी। कार्यक्रम में कई वरिष्ठ प्रशासनिक और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। यह पहल राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और ग्रामीण-शहरी दोनों क्षेत्रों में बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

