दुर्ग, 24 जून (आरएनएस)। दुर्ग जिले के बोरी थाना क्षेत्र में पिता की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतक के बेटे को ही आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया है। मर्ग जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी पुत्र के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार 17 जून 2026 को ग्राम नवागांव निवासी नीलकमल साहू ने थाना बोरी पहुंचकर सूचना दी थी कि उसके पिता कुलेश्वर साहू घर में मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, पंचनामा कार्रवाई, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्य एकत्रित किए गए। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें चिकित्सकों ने सिर पर गंभीर चोट लगने से मृत्यु होना तथा मृत्यु की प्रकृति हत्या होना बताया।
मर्ग जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों और पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि मृतक कुलेश्वर साहू और उसके पुत्र नीलकमल साहू के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। विवाद के दौरान नीलकमल ने अपने पिता के साथ मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मौत हो गई।
जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने प्रार्थी नीलकमल साहू (19 वर्ष), निवासी ग्राम नवागांव, थाना बोरी को ही आरोपी के रूप में चिन्हित किया। उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) एवं 238 के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार घटना का मुख्य कारण पारिवारिक विवाद था। मामले में आवश्यक साक्ष्य सामग्री भी जब्त की गई है। इस कार्रवाई में थाना बोरी के थाना प्रभारी, विवेचना अधिकारी एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि पारिवारिक विवादों का समाधान शांतिपूर्ण एवं वैधानिक माध्यमों से करें। किसी भी प्रकार की हिंसात्मक गतिविधि कानूनन अपराध है और किसी भी संदिग्ध घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
0

