चमोली,18 मई (आरएनएस)। तहसील के केरा गांव के आस पास और श्मशान घाट के समीप की पहाडिय़ों में बीते साल की बरसात से भूस्खलन के चलते खतरा बना है। यहां आए दिन पत्थर गिर रहे हैं। बीते रविवार को चट्टान से पत्थर गिरने से रघुवीर सिंह नामक युवक की मौत हो गई। मृतक अपने चाचा की अंत्येष्टि के लिए प्राणमति नदी घाट पर लकड़ी एकत्र कर रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार बीते वर्ष की आपदा से थराली से डंगरी तक की सड़क क्षतिग्रस्त हुई थी। भूस्खलन से अटके पेड़ और पत्थर हल्की हवा या बारिश में गिरते रहते हैं। पीएमजीएसवाई ने आपदा के बाद सड़क से मलबा और गिरे पेड़ नहीं हटाए। सड़क से घाट तक जाने वाले रास्ते भी मलबे के कारण खतरनाक बने हुए हैं। सोल विकास समिति के अध्यक्ष चरण सिंह और पूर्व प्रधान हरेंद्र नेगी सहित अन्य लोगों ने सड़क और घाट मार्ग साफ करने की मांग की।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

