रामानुजगंज, 24 जून (आरएनएस)। नगर में विद्युत व्यवस्था इन दिनों बदहाल होती नजर आ रही है। मामूली फॉल्ट, जिसे कुछ ही मिनटों में सुधारा जा सकता है, उसे ठीक करने में घंटों का समय लग रहा है। भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बीती रात नगर के मध्य बाजार क्षेत्र में करीब 1:30 बजे एक फेस की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बताया जा रहा है कि फॉल्ट के कारण क्षेत्र के कई घरों में बिजली बंद हो गई, जिसे सुबह लगभग 8 बजे जाकर सुधारा जा सका। करीब आठ घंटे तक बिजली गुल रहने से लोगों की रात परेशानी में गुजरी।
बिजली नहीं रहने से कई घरों में सुबह पानी भी नहीं चढ़ पाया, जिससे लोगों को पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ा। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों वाले परिवारों को सबसे अधिक दिक्कत हुई। गर्मी और उमस के कारण लोग पूरी रात जागने को मजबूर रहे।

इस संबंध में वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय सोनी ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि मामूली फॉल्ट को सुधारने में आठ घंटे का समय लगना विभाग की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के दौर में ऐसी स्थिति बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और विभाग को अपनी व्यवस्था में सुधार करना चाहिए।
वहीं वार्डवासी शैलेश गुप्ता ने बताया कि रात में बिजली बंद होने से उनके परिवार को काफी परेशानी हुई। घर में बीमार व्यक्ति होने के कारण स्थिति और भी कठिन हो गई। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चे भी पूरी रात गर्मी से परेशान रहे।
नगरवासियों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि फॉल्ट सुधार की व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए तथा शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
0

