रायगढ़, 24 जून (आरएनएस)। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लोहे की हथौड़ी भी बरामद कर ली है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बाँसजोर निवासी श्यामलाल मंझवार (24) और उसकी पत्नी मेहतरीन बाई मंझवार के बीच 17 जून की सुबह इलाज के लिए पैसे मांगने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढऩे पर दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जिसके दौरान आरोपी ने घर में रखी लोहे की हथौड़ी से पत्नी के सिर पर कई बार वार कर दिया।
गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में भर्ती कराया गया था, जहां 20 जून की शाम उसकी मौत हो गई। मामले की सूचना मिलने पर थाना धरमजयगढ़ पुलिस ने मर्ग जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतका के परिजनों, ससुराल पक्ष और अन्य गवाहों के बयान लिए गए तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का परीक्षण किया गया।
जांच में हत्या की पुष्टि होने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथौड़ी बरामद की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल सोनी, एसडीओपी सिद्धांत तिवारी, थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े, एएसआई मंजु मिश्रा, प्रधान आरक्षक गंगाराम भगत एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध हिंसा और गंभीर अपराध किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं। महिला सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में त्वरित एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

