अल्मोड़ा,19 मई (आरएनएस)। एसएसपी चंद्रशेखर आर. घोड़के के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को राजकीय इंटर कॉलेज गंगानगर मोतियापाथर में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। थानाध्यक्ष लमगड़ा प्रमोद पाठक ने विद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और मैसेज, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, फर्जी लॉटरी और इनाम के झांसे, यूपीआई फ्रॉड तथा ओटीपी साझा करने के खतरों के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को सलाह दी गई कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपनी बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी किसी से साझा न करें। साथ ही साइबर अपराध होने की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी पुलिस से संपर्क करने को कहा गया। कार्यक्रम में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि नशा व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ उसके परिवार, शिक्षा और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की गई। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों और विद्यार्थियों ने साइबर अपराध और नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

