धमतरी 20 मई(आरएनएस)अब हादसा हो, महिला अपराध हो, सड़क पर मारपीट हो या रात के अंधेरे में कोई आपात स्थिति—धमतरी में मदद के लिए पुलिस पहले से कहीं ज्यादा तेजी से पहुंचेगी। पुलिस लाइन रूद्री में बुधवार को ऐसा नजारा दिखा जब सायरन बजाती हाईटेक डायल-112 ईआरवी गाड़ियां एक-एक कर सड़क पर उतरीं और पूरे जिले की सुरक्षा व्यवस्था को नई रफ्तार मिल गई। धमतरी पुलिस की आपातकालीन सेवा को मजबूत करने के लिए पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार, महापौर रामू रोहरा और जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सार्वा ने हरी झंडी दिखाकर 12 अत्याधुनिक डायल-112 एवं ईआरवी वाहनों को जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के लिए रवाना किया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, समाजसेवी, व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि, रिटायर्ड फौजी, पुलिस पेंशनर्स और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। इन हाईटेक वाहनों को जिले के 10 थाना क्षेत्रों और एक डायल-112 कार्यालय में 24 घंटे तैनात किया जाएगा ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सके। खास बात यह है कि शासन ने शहर में 10 मिनट और ग्रामीण इलाकों में 30 मिनट के भीतर पुलिस रिस्पांस का लक्ष्य तय किया है। नई ईआरवी गाड़ियों में जीपीएस ट्रैकिंग, पीटीजेड कैमरा, डैश कैमरा और मोबाइल डेटा टर्मिनल जैसी आधुनिक तकनीक लगाई गई है, जिससे कंट्रोल रूम से हर गतिविधि की निगरानी होगी और घटनास्थल तक पहुंचने में देरी नहीं होगी। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ईआरवी स्टाफ को संवेदनशील व्यवहार, त्वरित निर्णय क्षमता, वायरलेस समन्वय, तकनीकी उपकरणों के इस्तेमाल और रिस्पांस टाइम कम करने की विशेष ट्रेनिंग भी दी। वाहन चालकों को इमरजेंसी ड्राइविंग और सुरक्षित संचालन के निर्देश दिए गए। एसपी सूरज सिंह परिहार ने साफ कहा कि डायल-112 केवल एक सेवा नहीं बल्कि आम लोगों की सुरक्षा और भरोसे की सबसे मजबूत कड़ी है, जहां हर कॉल पर संवेदनशीलता और प्रोफेशनल तरीके से तुरंत कार्रवाई प्राथमिकता होगी। महापौर रामू रोहरा ने इसे जनता और पुलिस के बीच विश्वास बढ़ाने वाला कदम बताया, जबकि जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सार्वा ने कहा कि अब दूरस्थ ग्रामीण इलाकों के लोगों को भी समय पर पुलिस सहायता मिल सकेगी। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेन्द्र सिंह ठाकुर ने इसे शासन की जनहितकारी और नागरिक केंद्रित पहल बताते हुए कहा कि इससे शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, नगर निगम आयुक्त प्रिया गोयल, डीएसपी मोनिका मरावी, डीएसपी मीना साहू, एसडीओपी नगरी विपिन रंगारी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बहरहाल, हाईटेक डायल-112 की यह नई ताकत अब धमतरी में कानून व्यवस्था को और तेज, स्मार्ट और भरोसेमंद बनाने जा रही है, जहां हर सायरन आम नागरिक के लिए राहत और सुरक्षा का संदेश लेकर पहुंचेगा।


