धमतरी,बिलासपुर, जगदलपुर 20 may, (Rns) । छत्तीसगढ़ में रफ्तार का कहर देखने को मिला है। अलग-अलग सड़क हादसों में प्रधान आरक्षक और तीन साल की बच्ची की मौत हुई है। वहीं बस्तर में स्कॉर्पियो पलटने से 6 लोग घायल हुए हैं। यह हादसा धमतरी, बिलासपुर और जगदलपुर में हुआ है।
धमतरी में देर रात हुए गश्त के दौरान तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से एक प्रधान आरक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक नगर सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं पुलिस विभाग में शोक की लहर है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के सिहावा चौक के पास की है।
बताया जा रहा है कि प्रधान आरक्षक विजय बैरागी और नगर सैनिक दिलीप पांडे रात्रि गश्त पर निकले हुए थे। इसी दौरान रायपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक पिकअप ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि प्रधान आरक्षक विजय बैरागी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नगर सैनिक दिलीप पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
विजय बैरागी कोतवाली थाना में पदस्थ थे और जल्द ही उनका एएसआई पद पर प्रमोशन होने वाला था, लेकिन प्रमोशन से पहले ही सड़क हादसे में उनकी मौत की खबर से पूरे पुलिस विभाग में सनसनी फैल गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी गहरा दुख जताया है। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
न्यायधानी बिलासपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 3 साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसका 4 वर्षीय भाई घायल हो गया। हादसा उसलापुर स्थित गोकनेनाला के पास हुआ, जहां स्कूटी सवार को बचाने के प्रयास में कार चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। जानकारी के अनुसार, परिवार अपने रिश्तेदार के घर से लौट रहा था। इसी दौरान कार की आगे वाली सीट पर खड़े दोनों मासूम बच्चे अचानक तेज ब्रेक लगने से आगे की ओर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में 3 साल की मिरी लहरे को गंभीर चोटें आईं। परिजन तत्काल दोनों बच्चों को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मिरी को मृत घोषित कर दिया

