०उप मुख्यमंत्री अरुण साव सहित जनप्रतिनिधियों ने नवदंपत्तियों को दिया आशीर्वाद
कोण्डागांव,20 मई (आरएनएस)ं। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत बुधवार को विकासखंड केशकाल में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के 58 जोड़े पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं धार्मिक अनुष्ठानों के बीच परिणय सूत्र में बंधकर अपने नए वैवाहिक जीवन की शुरुआत की। कार्यक्रम उत्साह, उल्लास और सामाजिक समरसता के वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में नवदंपत्तियों के परिजन, ग्रामीणजन एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए। सामूहिक विवाह कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ वन मंत्री केदार कश्यप, कांकेर लोकसभा सांसद भोजराज नाग, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, कांकेर विधायक आशाराम नेताम, सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं समाज के वरिष्ठजनों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं समृद्ध दाम्पत्य जीवन की कामना की।इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना राज्य शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं में से एक है, जिसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेटियों के विवाह में सहयोग प्रदान करना है। इस योजना से गरीब परिवारों को बेटियों की शादी की आर्थिक चिंता से राहत मिल रही है। ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि सभी समाज के लोगों द्वारा नवदंपत्तियों को आशीर्वाद पुण्य का कार्य किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सभी नवविवाहित जोड़ों को विवाह प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत प्रत्येक जोड़े को 35-35 हजार रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। नवदंपत्तियों को गृहस्थ जीवन प्रारंभ करने हेतु आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई गई। समारोह के दौरान विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

