रायबरेली / अमेठी ,20 मई (आरएनएस)। कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रायबरेली में पीएम नरेंद्र मोदी और अमित शाह पर अमर्यादित टिप्पणी की है. राहुल गांधी ने पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को गद्दार कहा. रायबरेली दौरे के दूसरे दिन राहुल ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा.
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कांग्रेस का गढ़ माने जाने वाले अमेठी में देश के पीएम पर जमकर बरसे. राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को पर जमकर निशाना साधा।राहुल गांधी ने पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को गद्दार कहते हुए कहा कि वो माफी नहीं मांगेंगे.
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बुधवार को अमेठी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे. मंच पर माइक हाथ में आते ही राहुल गांधी के तेवर काफी सख्त नजर आए. उन्होंने बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि वे किसी से डरने वाले नहीं हैं. मैं माफी नहीं मांगूंगा, फिर बोलूंगा अमित शाह और नरेंद्र मोदी गद्दार हैं, क्योंकि उन्होंने कॉन्स्टिट्यूशन पर आक्रमण किया है.
राहुल गांधी ने आगे कहा कि मैं इन लोगों से नहीं डरता हूं. हिंदुस्तान की जनता भी इस बात को समझ गई है, वो भी आपसे नहीं डरती है. आगे उन्होंने कहा कि पता नहीं आज आपने मोदी जी का वीडियो देखा कि नहीं देखा.
व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी वालों से सवाल करते हुए उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री इटली के प्रधानमंत्री मेलोनी को टॉफी खिला रहे है. पीएम ने इटली जाने से पहले हिंदुस्तान से कहा कि खूब पेट्रोल का यूज़ कम करो. फिर उसी के एक दिन बाद 4000 करोड़ के हवाई जहाज में इटली गए. वहां के पीएम को टॉफी खिलाकर रील बनवा रहे हैं. देश की जनता के साथ यह क्या खिलवाड़ हो रहा है. फैक्ट्रियां बंद हो रही हैं. महंगाई बढ़ती जा रही है. आने वाले दिनों में खाद नहीं मिलेगी. समय आने वाला है. ईरान में अमेरिका और ईरान की लड़ाई हुई, उसमें होर्मुज स्ट्रेट को बंद कर दिया.
राहुल गांधी ने कहा कि नोटबंदी के बाद पीएम मोदी ने रोते हुए कहा था मुझे फांसी पर चढ़ा देना, अगर काला धन खत्म नहीं हुआ. अब फिर से हाथ जोडऩे और रोने का टाइम आ रहा है. आप एक बात याद रखिए, नोटबंदी हिंदुस्तान के किसानों पर, मजदूरों पर, छोटे व्यापारियों पर आक्रमण था.
नोटबंदी का लक्ष्य आपके जेब का पैसा, आपकी मेहनत का पैसा अडानी और अंबानी के हवाले करने का था. जब हमारे मजदूर हजारों किलोमीटर पैदल चल रहे थे. तब नरेंद्र मोदी अडानी अंबानी का लाखों करोड़ों रुपए का कर्ज माफ कर रहे थे. अब देखिए, इन्होंने क्या किया. पब्लिक सेक्टर को खत्म कर दिया. फैक्ट्रियां बंद हो गई. किसान मजदूर कमजोर हो गए. पूरे देश में इन्होंने बेरोजगारी फैला दी.
राहुल ने कहा कि हिंदुस्तान में आर्थिक तूफान आ रहा है. ऐसा तूफान आ रहा है, जो हिंदुस्तान में कभी नहीं आया था.
नरेंद्र मोदी चुनाव के पहले कहते हैं कि तेल और गैस की कोई कमी नहीं है, सब कुछ ठीक है. हम दो महीने से कह रहे है. पार्लियामेंट में कहा, भाषणों में कहा कि 2 महीने से कहा, तब बीजेपी वाले मेरा मज़ाक उड़ाते हैं.
उन्होंने आगे कहा कि नरेंद्र मोदी को पिछले 3 महीने में जो सुधार करना था, नहीं किए. नरेंद्र मोदी ने पिछले 12 साल से संविधान पर आक्रमण किया है. आरएसएस के लोगों को इलेक्शन कमीशन को पूरा कंट्रोल कर दिया. वोट चोरी का सिस्टम बना लिया.
अडानी-अंबानी देश को नहीं बचा सकते है. देश का किसान-मजदूर देश को बचा सकता है. इन्होंने आपके हाथों को बांध दिया है. हम अब भी यही कह रहे हैं कि आप देश के किसानों के लिए काम करिए.
इसके पूर्व राहुल गांधी अमेठी के दिवंगत कांग्रेसी नेता योगेंद्र मिश्रा के घर जाकर उनके परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी. श्री मिश्र का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था. कार्यकर्ताओं के सम्मेलन के बाद राहुल गांधी का काफिला मुंशीगंज स्थित संजय गांधी अस्पताल के लिए रवाना हो गया.
इससे पहले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रायबरेली में कहा कि अगले 3-4 महीने में ऐसी महंगाई आएगी, जिसे आपने जीवन में कभी नहीं देखा होगा. तेल नहीं मिलेगा, गैस नहीं मिलेगी, किसानों को खाद नहीं मिलेगा. इस महंगाई का सबसे ज्यादा शिकार हमारे किसान, युवा और महिलाएं होंगे.
राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने देश ऐसी आर्थिक हालत कर दी है, कि अब संभलना मुश्किल है. उन्होंने देश को पूंजीपतियों के हाथ बेच दिया है. देश के संविधान को नरेंद्र मोदी ने फाड़कर फेंक दिया है. अब ऐसा आर्थिक तूफान आने वाला है, जिससे कोई नहीं बच पाएगा. तब नरेंद्र मोदी टीवी पर आकर रोएंगे.
राहुल गांधी का रायबरेली दौरे के दूसरे दिन भुएमऊ गेस्ट हाउस में समाज के विभिन्न वर्गों से मुलाकात की. अलग-अलग डेलिगेशन से मिलने के बाद राहुल गांधी राही ब्लॉक के लोधवारी गांव में अमर शहीद वीरा पासी की मूर्ति का अनावरण करने पहुंचे. इसके बाद राहुल गांधी ने बहुजन स्वाभिमान सभा को संबोधित किया.
भीषण गर्मी में भी कांग्रेस के समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी. राहुल गांधी जिंदाबाद के नारों से पूरा पंडाल गूंजता रहा. कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, सांसद तनुज पुनिया, विधायक आराधना मिश्रा, राष्ट्रीय सचिव सुशील पासी, सांसद अमेठी किशोरी लाल शर्मा, कांग्रेस अनुसूचित जाति विंग के अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम, दीपक सिंह, डॉ. मनीष सिंह, पंकज तिवारी सहित अनेक कांग्रेस नेता भी मंच पर उपस्थित रहे.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

