नईदिल्ली,20 मई (आरएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नॉर्वे यात्रा को लेकर नए विवाद सामने आ रहे हैं। अब नॉर्वे के एक अखबार ने प्रधानमंत्री मोदी से जुड़ा विवादित कार्टून छापा है। इसमें प्रधानमंत्री मोदी को सपेरे के रूप में दिखाया गया है, जिसके बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। लोगों ने इसे नस्लवादी, विदेशी विरोधी और भारत को लेकर औपनिवेशिक दौर की पुरानी रूढिय़ों को बढ़ावा देने वाला बताया है।
नार्वे की प्रमुख अखबार आफ्टेनपोस्टेन ने कार्टून छापा है। इसमें प्रधानमंत्री मोदी को संपेरे के रूप में दिखाया गया, जिसमें ईंधन पंप की नली को सांप बनाकर प्रस्तुत किया गया है। एक लेख के बीच ये कार्टून छपा है, जिसका शीर्षक है- एक चतुर लेकिन थोड़ा परेशान करने वाला आदमी। इस कार्टून को मशहूर नॉर्वेजियन विज़ुअल आर्टिस्ट और इलस्ट्रेटर मार्विन हैलेरेकर ने बनाया है। हैलेरेकर पहले भी राष्ट्राध्यक्षों और विश्व नेताओं के कार्टून को लेकर चर्चा में रहे हैं।
भारत के पूर्व विदेश सचिव कंवल सिब्बल ने कहा, यह 56 लाख की आबादी वाले एक ऐसे आत्म-संतुष्ट देश का बेहद परेशान करने वाला कार्टून है, जिसके पास न तो कोई ऐतिहासिक या सभ्यतागत गहराई है, न ही जटिल और विविध समाजों को संभालने का कोई अनुभव है। वरिष्ठ पत्रकार आदित्य राज कौल ने भी कार्टून को चौंकाने वाला, नस्लवादी और अपमानजनक बताया। उन्होंने कहा, नॉर्वे के सबसे बड़े अखबार ने कार्टून छापकर बेशर्मी की हद पार कर दी है।
००

