चेन्नई,21 मई (आरएनएस)। तमिलनाडु में नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री थलापति विजय (सी जोसेफ विजय) ने गुरुवार को अपनी कैबिनेट का विस्तार करते हुए 23 मंत्रियों को शामिल किया। इसमें मंत्री बनने वाले 19 विधायक तमिलगा वेट्ट्री कजगम (टीवीके), जबकि 2 विधायक सहयोगी कांग्रेस पार्टी के हैं। फिलहाल, विदुथलाई चिरुथाइगल काची (वीसीके) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के लिए 2 मंत्री पद रिक्त रखे गए हैं। विधायकों ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर और मुख्यमंत्री विजय की उपस्थिति में मंत्री पद की शपथ ली।
गुरुवार को शपथ लेने वाले टीवीके विधायकों में श्रीनाथ, कमली एस, सी विजयलक्ष्मी, आरवी रंजीतकुमार, विनोथ, राजीव, बी राजकुमार, वी गांधीराज, मथन राजा पी, जेगदेश्वरी के, राजेश एस, एम विजय बालाजी, लोगेश तमिलसेल्वन डी, विजय तमिलन पार्थिबन ए, रमेश, पी विश्वनाथन, कुमार आर, थेन्नारासु के, वी संपत कुमार, मोहम्मद फरवास जे, डी सरथकुमार, एन मैरी विल्सन, विग्नेश, राजेश कुमार और थिरु पी विश्वनाथन शामिल हैं। कांग्रेस विधायक राजेश कुमार को पर्यटन और विश्वनाथन को उच्च-शिक्षा विभाग मिल सकता है।
तमिलनाडु में कांग्रेस के 2 विधायकों का कैबिनेट में शामिल होना एक ऐतिहासिक क्षण है क्योंकि कांग्रेस लगभग 60 साल से सत्ता से बाहर है। पार्टी ने आखिरी बार 1967 तक पूर्व मुख्यमंत्री एम भक्तवत्सलम के नेतृत्व में राज्य में शासन किया था, जिसे सीएन अन्नादुरई के नेतृत्व वाली द्रविड़ मुनेत्र कडग़म (डीएमके) ने सत्ता से बाहर कर दिया। तब से कांग्रेस भले ही डीएमके के गठबंधन में शामिल रही हो, लेकिन उसे कैबिनेट में जगह नहीं मिली।
विजय ने 10 मई को 9 मंत्रियों के साथ शपथ ली थी। वह अधिकतम 35 मंत्रियों की नियुक्ति कर सकते हैं, जो विधानसभा की कुल संख्या का 15 प्रतिशत है। वामदल सरकार मंत्री पद नहीं लेंगे। ऐसे में वीसीके-आईयूएमएल को 2 मंत्री पद मिलेंगे।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

