नई दिल्ली,21 मई (आरएनएस)। साउथ ईस्ट दिल्ली के गोविंदपुरी थाना इलाके में बीती रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक घर में घुसकर अज्ञात हमलावरों ने मां और उसके बेटे की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी और लूटपाट को अंजाम देकर फरार हो गए. मृतका की पहचान 40 वर्षीय शारदा और उसके 14 वर्षीय बेटे खुशहाली के रूप में हुई है. घटना का पता तब चला जब महिला का पति बाजार से वापस लौटा तो उसने किचन में अपनी पत्नी और बेटे को लहूलुहान हालत में पड़ा देखा.
मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना दक्षिण पूर्वी जिले के गोविंदपुरी इलाके की गली नंबर 10 में हुई. बुधवार देर रात लगभग 12:30 बजे आरोपियों ने मां और बेटे पर हमला किया. हमलावरों ने दोनों की चाकू मारकर हत्या कर दी और मौके से तिजोरी से 10 से 12 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर भिजवा दिया है.
बताया जा रहा है कि मृतक महिला का पति एक सब्जी व्यापारी है और साप्ताहिक बाजार में दुकान लगाता है. परिवार मूलरूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं का रहने वाला है और पिछले 15 सालों से गोविंदपुरी में रह रहा है. मृतका के रिश्तेदार सुरेश ने बताया कि उनका भाई (मृतका का पति) हर शाम मंडी चला जाता है और रात में 12 बजे तक घर वापस आता है. बुधवार देर रात जब वह घर पहुंचा तो वहां का नजारा देख उसके होश उड़ गए. उसने देखा कि उसकी पत्नी और बेटे का गला काटकर किचन में छोड़ दिया गया है और दोनों की मौत हो चुकी है. आरोपियों ने घर की तिजोरी का सारा सामान, ज्वेलरी और कैश लूटकर फरार हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए. फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके. डीसीपी ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले का खुलासा किया जाएगा.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

