बेंगलुरु,21 मई (आरएनएस)। दिल्ली से बेंगलुरु आ रहा एयर इंडिया का विमान गुरुवार को ‘टेल स्ट्राइक’ का शिकार हो गया। विमान जैसे ही बेंगलुरु हवाई अड्डे पर उतरा, उसका पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया था। घटना के समय विमान में सवार 179 यात्री और चालक दल के सदस्य सहम गए। हालांकि, उन्हें सुरक्षित उतार लिया गया। एयर इंडिया ने कहा कि उड़ान संख्या एआई -2651 को विस्तृत निरीक्षण के लिए रोक दिया गया है।
एयर इंडिया ने बताया कि ए320 श्रृंखला के नैरो-बॉडी एयरबस विमान एआई -2651 को टेलस्ट्राइक की घटना के बाद निरीक्षण के लिए रोक दिया गया है। विमान के उतरने पर उसका पिछला हिस्सा रनवे से छू गया था, जिसके बाद उसमें रगड़ लग गई है। घटना के बाद बेंगलुरु से दिल्ली वापस जाने वाली उड़ान एआई -2652 को रद्द कर दिया गया है। एयरलाइंस का कहना है कि वह वैकल्पिक व्यवस्था कर रहा है।
जब विमान की पूंछ उड़ान भरते समय, उतरते समय और टैक्सी के दौरान रनवे के संपर्क में आ जाती है, तो उसे टेल स्ट्राइक कहते हैं। इसके परिणामस्वरूप नियंत्रण खोना और रनवे से बाहर निकलना जैसी स्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। आम तौर पर जानमाल के नुकसान का खतरा कम होता है, लेकिन इन घटनाओं से विमान को काफी नुकसान हो सकता है। घटना की जानकारी नागरिक उड्डयन महानिदेशालय को दे दी गई है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

