मोगा (पंजाब),21 मई (आरएनएस)। पंजाब के सरकारी नशा मुक्ति केंद्र से ताला तोड़कर 35 मरीज के भाग जाने का मामला सामने आया है. वहीं घटना की जानकारी मिलने के साथ ही प्रशासन और पुलिस विभाग अलर्ट हो गया है.
बताया जाता है कि सरकारी नशा मुक्ति केंद्र जनेर में देर रात कुछ मरीजों ने एकत्र होकर सेंटर के सुरक्षा गार्डों पर हमला कर दिया और ईंटों से मेन गेट का ताला तोड़कर भाग गए. इतना ही नहीं मरीजों के भागने की पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है.
भागने से पहले मरीजों ने नशा मुक्ति केंद्र के अंदर हंगामा भी किया. यह भी बताया जा रहा है कि हमले के दौरान कुछ सुरक्षाकर्मी घायल हो गए. हालांकि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
पुलिस फरार मरीजों की तलाश के लिए अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही है. सेंटर के द्वारा भागने वालों की पहचान कर ली गई है. इसके साथ ही मौजूद रजिस्टर में दर्ज जानकारी के हिसाब से उनके माता-पिता से संपर्क किया जाएगा.
पुलिस अब सरकारी नशा मुक्ति केंद्र में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है. फुटेज में कुछ मरीजों को गेट का ताला तोड़कर भागते हुए साफ देखा जा सकता है.
इस घटना के बाद नशा मुक्ति केंद्रों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. फिलहाल, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, मामले की जांच चल रही है और भागे हुए मरीजों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इस बीच, इस घटना को लेकर इलाके के लोगों में चिंता का माहौल है.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

