*पाकिस्तान-बांग्लादेश से घुसपैठ पर लगेगी लगाम, गृह मंत्री अमित शाह ने बताया पूरा प्लान
नई दिल्ली 22 may (rns)/ : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को देश की सीमाओं को पूरी तरह ‘स्मार्ट बॉर्डर’ मॉडल पर विकसित करने के संकेत दिए हैं। BSF के संस्थापक और प्रथम सीमा प्रहरी केएफ रुस्तमजीकी स्मृति में आयोजित रुस्तमजी स्मृति व्याख्यान में अमित शाह ने कहा कि भारत अब सीमाओं की सुरक्षा को पूरी तरह तकनीक आधारित बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान और बांग्लादेश के साथ लगने वाले बॉर्डर पर अत्याधुनिक सुरक्षा सिस्टम तैयार किए जा रहे हैं। इन सिस्टम में हाईटेक कैमरे, रडार, सेंसर, सर्विलांस उपकरण और रियल-टाइम मॉनिटरिंग तकनीक शामिल होगी।
सरकार का लक्ष्य है कि इसी वर्ष दोनों सीमाओं पर स्मार्ट फेंसिंग और इंटीग्रेटेड बॉर्डर मैनेजमेंट सिस्टम बड़े स्तर पर शुरू कर दिए जाएं। इसके लिए जमीन आवंटन का काम तेजी से चल रहा है। अमित शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार ने भी इस परियोजना के लिए आवश्यक जमीन उपलब्ध करा दी है। गृहमंत्री ने कहा, ‘नई व्यवस्था लागू होने के बाद सीमा पर घुसपैठ, ड्रोन गतिविधियों, कैटल स्मगलिंग, ड्रग्स तस्करी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नजर रखी जा सकेगी। सुरक्षा एजेंसियों को रियल-टाइम अलर्ट मिलेंगे, जिससे सीमा सुरक्षा पहले से ज्यादा मजबूत और प्रभावी होगी।’

