# 1,200 से अधिक प्रतिभागियों की मौजूदगी में आयोजित भव्य समारोह में शैक्षणिक उत्कृष्टता, पेशेवर नेतृत्व और विकसित भारत 2047 के विजन पर जोर
नई दिल्ली, 22 मई (आरएनएस)। द इंस्टीट्यूट ऑफ कॉस्ट अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएमएआई) ने नई दिल्ली के सी. सुब्रमण्यम कन्वेंशन सेंटर, आईसीएआर-एनएएससी कॉम्प्लेक्स में 13वें राष्ट्रीय छात्र कॉन्वोकेशन 2026 का आयोजन किया। कार्यक्रम में देशभर से 1,200 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया, जिनमें नए कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटेंट्स (सीएमए), रैंक होल्डर्स, शिक्षक, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, नीति निर्माता, पेशेवर सदस्य और अभिभावक शामिल रहे। इस आयोजन ने विकसित भारत 2047 के विजन के तहत देश के आर्थिक विकास, वित्तीय पारदर्शिता और बेहतर प्रबंधन व्यवस्था में सीएमए पेशे की बढ़ती भूमिका को सामने रखा। कार्यक्रम में दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं भारत सरकार में शिक्षा एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार और पूर्व केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. सत्यानारायण जटिया विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। अपने संबोधन में तरणजीत सिंह संधू ने कहा कि व्यापार, शासन और अर्थव्यवस्था तेजी से बदल रही है। ऐसे समय में आईसीएमएआई जैसे संस्थानों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कहा कि आज के सीएमए केवल रिकॉर्ड रखने या बैलेंस शीट तैयार करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि कंपनियों और संस्थानों के बड़े फैसलों में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक सीएमए को वित्त के साथ-साथ बिजनेस मॉडल, संचालन, जोखिम प्रबंधन, दक्षता और रणनीति की समझ भी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज के पेशेवर निवेश, मूल्य निर्धारण, विस्तार और लंबी अवधि की योजना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी काम कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान जून 2025 और दिसंबर 2025 सत्र के सीएमए फाइनल परीक्षा के टॉपर्स को सम्मानित किया गया। जून 2025 में हंस अमरेश जैन, चिराग कसाट और त्रिशिर गोयल ने शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि दिसंबर 2025 में एमडी फैजान, मोहित सुखानी और कनिका डांगायच टॉपर्स रहे।
समारोह में 200 से अधिक रैंक होल्डर्स को सम्मानित किया गया। वहीं 47 पुरस्कार विजेताओं को मेडल और प्रमाणपत्र दिए गए। इसके अलावा 152 छात्रों को सहभागिता प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम का समापन कॉन्वोकेशन समिति के अध्यक्ष सीएमए विनयारंजन पी. के धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ। उन्होंने छात्रों को बधाई देते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

