भोपाल,22 मई (आरएनएस)। ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने शुक्रवार को बड़ा आदेश देते हुए दूसरा पोस्टमॉर्टम कराने का आदेश दिया है। न्यायमूर्ति अवनिंद्र कुमार सिंह ने निर्देश दिया कि ट्विशा का दूसरा पोस्टमार्टम नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्वेद विज्ञान संस्थान (एम्स) के डॉक्टरों की एक टीम द्वारा कराया जाए। पोस्टमार्टम भोपाल में होगा, जिसके लिए एम्स के डॉक्टरों को एक विशेष विमान से बुलाने की व्यवस्था करने को कहा गया है।
बार एंड बेंच के मुताबिक, पीठ ने यह आदेश ट्विशा के पिता नवनीधि शर्मा द्वारा दायर याचिका पर पारित किया है। कोर्ट ने कहा कि पोस्टमॉर्टम का कार्य जल्द किया जाना चाहिए। पहले हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट में 33 वर्षीय ट्विशा की मौत आत्महत्या से बताई गई है, जिस पर उसके परिवार को शक है और इसे साजिश बताया है। याचिकाकर्ता के वकील ने मामले को प्राथमिकता देने का आग्रह किया और सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने भी समर्थन किया है।
कोर्ट में सुनवाई के दौरान आरोपी ट्विशा के पति समर्थ सिंह की ओर से पेश वकील ने कहा कि समर्थ ने आत्मसमर्पण की पेशकश की है। उनके वकील ने अदालत को बताया कि समर्थ अपनी अग्रिम जमानत याचिका वापस ले लेंगे। समर्थ पिछले 10 दिन से फरार है। हालांकि, ट्विशा के ससुराल पक्ष ने दूसरे पोस्टमार्टम का विरोध किया है। बता दें कि ट्विशा का शव 13 मई से एम्स भोपाल के मुर्दाघर में है।
हाई कोर्ट का फैसला ऐसे समय आया है, जब शुक्रवार को मध्य प्रदेश सरकार ने मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की सिफारिश की है। बता दें कि नोएडा की ट्विशा की शादी सेवानिवृत्त सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के बेटे समर्थ से दिसंबर 2025 में हुई थी। दोनों की मुलाकात 2024 में एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। ट्विशा 12 मई को भोपाल स्थित अपने ससुराल की छत पर लगी जिमनास्टिक छड़ से लटकी मिली थीं।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

