भोपाल 22 मई (आरएनएस)।निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने आगामी ईद-उल-अजहा के अवसर पर बेहतर से बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा वध किये गये पशुओं के अवशेष व अन्य प्रकार के कचरे को तत्काल निष्पादन स्थल पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के दृष्टिगत निगम अधिकारियों की बैठक आहूत की और निर्देशित किया कि ईद-उल-अजहा के त्यौहार पर विशेष साफ-सफाई व्यवस्था की जाये साथ ही यह भी निर्देशित किया कि जिन स्थानों पर ईद की नमाज अदा की जानी है वहां तथा अस्थाई पशुवध स्थलों पर भी साफ-सफाई एवं चूना व रसायन आदि डालने तथा ईद-उल-अजहा के तीनों दिन पशुओं के अवशेष व अन्य कचरे को त्वरित गति से निष्पादन स्थल पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जायें। निगम आयुक्त ने स्लाटर वेस्ट के एकत्रीकरण व निष्पादन स्थल पर पहुंचाने हेतु आवश्यक वाहन व संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में अपर आयुक्त वरूण अवस्थी, उपायुक्त चंचलेश गिरहारे, कार्यपालन यंत्री प्रमोद मालवीय, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारीगण, सहायक स्वास्थ्य अधिकारीगण सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने शुक्रवार को निगम मुख्यालय अटल भवन में निगम के स्वच्छ भारत मिशन, स्वास्थ्य विभाग, परिवहन आदि विभागों के अधिकारियों की बैठक आहूत की। बैठक में जैन ने आगामी ईद-उल-अजहा के अवसर पर साफ-सफाई व्यवस्था, अस्थाई पशुवध स्थलों, स्लाटर वेस्ट के एकत्रीकरण, परिवहन एवं निष्पादन हेतु की जा रही व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की। निगम आयुक्त जैन ने निर्देशित किया कि ईद के अवसर पर शहर में विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित की जाये साथ ही जिन स्थानों पर नमाज अदा की जानी हैं उन स्थानों व उनके आसपास बेहतर साफ-सफाई व चूने आदि डालने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। निगम आयुक्त ने अस्थाई पशुवध स्थलों पर साफ-सफाई, चूना व रसायनों का छिड़काव व पानी की पर्याप्त व्यवस्था करने, वध किये गये पशुओं को अवशेषों के एकत्रीकरण हेतु चिन्हित स्थानों पर स्लाटर वेस्ट एकत्रीकरण तथा इसे त्वरित गति से परिवहन कर निष्पादन स्थल पर पहुंचाने की व्यवस्था भी बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने और कुर्बानी के तीनों दिन सभी व्यवस्थाओं की सतत रूप से मॉनीटरिंग करने और निरंतरता के साथ इसे बनाये रखने के निर्देश भी दिए।
निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने अस्थाई पशुवध स्थलों, स्लाटर वेस्ट एकत्रीकरण हेतु चिन्हित स्थानों तथा शहर के अन्य स्थानों पर पर्याप्त कंटेनर सहित स्लाटर वेस्ट परिवहन हेतु आवश्यक वाहन, संसाधन, रसायन, पानी व बिजली आदि की व्यवस्था समय से पूर्व सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निगम आयुक्त जैन ने निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं इस प्रकार सुनिश्चित की जाएं कि स्लाटर वेस्ट कहीं भी जमीन पर पड़ा हुआ नजर नहीं आये।

