भोपाल।(आरएनएस)।नगर निगम द्वारा शहर में अतिक्रमणों के विरूद्ध कार्यवाही निरंतर जारी है। इसी तारतम्य में निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने सी.एम. हेल्पलाईन, महापौर हेल्पलाईन सहित अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के निराकरण तथा निगम की नियमित कार्यवाही के तहत विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ठेले, पान पार्लर, गन्ने की चरखी, सब्जी की दुकानें, अवैध रूप से बनीं बाउण्ड्रीवॉल, छप्पर, चबूतरे, आवागमन में बाधक वाहन, दुकानों के बाहर रखा सामान आदि हटाया और ठेले, काउंटर, जाली, एंगिल, टेबिल, स्टूल, बेंच, पल्ले, नेट, पन्नी आदि जप्त किये।
निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते के दलों ने शुक्रवार को न्यू मार्केट नो-व्हीकल जोन, लिंक रोड नं0-1,2 एवं 3, जवाहर चौक, नेहरू नगर, केम्पियन स्कूल, बाबा नगर, मिसरोद, 1100 क्वार्टर, चेतक ब्रिज, अयोध्या बायपास परषुराम चौराहा, अयोध्या बायपास अटल बिहारी वाजपेयी सब्जी मण्डी, प्रभात चौराहा, परिहार चौराहा, पुष्पा नगर, अषोका गार्डन, जहांगीराबाद, शब्बन चौराहा, बरखेड़ी फाटक, रेतघाट, रविन्द्र भवन, बोट क्लब, हमीदिया रोड, रेल्वे स्टेषन प्लेटफार्म नं0-6, हमीदिया अस्पताल गेट, स्टेट बैंक चौराहा, लालघाटी वी.आई.पी गेस्ट हाउस, आषाराम तिराहा आदि क्षेत्रों में कार्यवाही करते हुए शहर के विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में ठेले, गुमठी, पान पार्लर, काउंटर व अन्य प्रकार के अतिक्रमणों को हटाया साथ ही लालघाटी व्हीआईपी गेस्ट हाउस के सामने अवैध रूप से बनीं बाउण्ड्रीवॉल व छप्पर, बरखेड़ी फाटक के पास अवैध रूप से बनें चबूतरे, चेतक ब्रिज सर्विस रोड पर आवागमन में बाधक चार पहिया वाहन के अलावा सब्जी की दुकानें, गन्ने की चरखियां, दुकानों के बाहर रखा सामान, मलमा आदि हटाने की कार्यवाही की और 10 ठेले, 01 काउंटर, 11 स्टूल, 04 टेबिल, 02 बेंच, 01 लोहे की जाली, 04 पल्ले, 04 एंगल के अलावा नेट, पन्नी आदि जप्त किये।

