देहरादून,22 मई (आरएनएस)। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय और इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी के बीच शुक्रवार को श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय परिसर में इग्नू लर्नर सपोर्ट सेंटर (एलएससी) की स्थापना के लिए एमओयू साइन किया गया है। एमओयू पर श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर और इग्नू के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अनिल कुमार डिमरी ने हस्ताक्षर किए।विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर ने जानकारी दी कि इस केंद्र के खुलने का उद्देश्य विद्यार्थियों, कामकाजी पेशेवरों और दूरस्थ क्षेत्रों के शिक्षार्थियों को दूरस्थ व ऑनलाइन शिक्षा के माध्यम से सुलभ, लचीली और गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध करवाना है।
प्रस्तावित इग्नू लर्नर सपोर्ट सेंटर के जरिए विद्यार्थियों को शैक्षणिक परामर्श, अध्ययन सामग्री, प्रवेश व परीक्षा संबंधी सहायता सहित विभिन्न शिक्षार्थी सेवाएं एक ही स्थान पर मिल सकेंगी। इससे उन छात्रों को विशेष लाभ होगा जो नियमित शिक्षा प्राप्त करने में असमर्थ हैं या नौकरी के साथ अपनी पढ़ाई जारी रखना चाहते हैं। इस एमओयू से विद्यार्थियों व शिक्षार्थियों के लिए दूरस्थ और ऑनलाइन शिक्षा माध्यमों के जरिए उच्च शिक्षा के अवसरों को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। प्रस्तावित लर्नर सपोर्ट सेंटर के माध्यम से इग्नू के विभिन्न कार्यक्रमों के लिए शैक्षणिक परामर्श, शिक्षार्थी सहायता सेवाएं व अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो के. प्रतापन ने कहा कि इग्नू के साथ यह साझेदारी शैक्षणिक पहुंच को व्यापक बनाएगी और विद्यार्थियों, कार्यरत पेशेवरों और दूरस्थ क्षेत्रों के शिक्षार्थियों के लिए नए अवसर सृजित करेगी। डॉ. अनिल कुमार डिमरी ने कहा कि यह केंद्र समाज तक गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक संसाधन एवं शिक्षार्थी अनुकूल अकादमिक सहयोग पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगा। एमओयू हस्ताक्षर समारोह में इग्नू के उपनिदेशक डॉ. राजीव, विश्वविद्यालय की आईक्यूएसी निदेशक प्रो. सोनिया गंभीर, कुलपति की विशेष कार्याधिकारी डॉ. श्रेया कोटनाला, प्रो. मनीषा सिंह आदि मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

