देहरादून,22 मई (आरएनएस)। दून के थानों स्थित लेखक गांव में 24 मई को “रस्किन बांड फेस्टिवल” आयोजित होगा। स्टोनएक्स ग्लोबल द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में साहित्य, संगीत, सिनेमा और लोक संस्कृति से जुड़ी कई गतिविधियां आयोजित होंगी। कार्यक्रम दोपहर 3 बजे से शुरू होगा।फेस्टिवल का आयोजन प्रसिद्ध लेखक रस्किन बांड के जीवन, साहित्य और उनके रचनात्मक योगदान को केंद्र में रखकर किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को साहित्य, कला और संस्कृति से जोडऩा है। स्टोनएक्स ग्लोबल के चीफ मार्केटिंग ऑफिसर सुशांत पाठक ने बताया कि यह आयोजन अपनी तरह का पहला प्रयास है, जिसमें कहानी कहने की विभिन्न विधाओं को एक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।
लेखक गांव जैसे साहित्यिक माहौल में इस कार्यक्रम का आयोजन इसे और खास बनाता है। फेस्टिवल में भारत के पूर्व शिक्षा मंत्री एवं साहित्यकार डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। स्टोनएक्स की ओरिजिनल फिल्म “मास्टरी” की विशेष स्क्रीनिंग भी की जाएगी। यह फिल्म रस्किन बांड के जीवन, उनके लेखन और रचनात्मक सफर पर आधारित है। साहित्य और संस्कृति से जुड़े विषयों पर पैनल डिस्कशन में विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियां शामिल होंगी। रस्किन बांड फाउंडेशन के सह-संस्थापक सिद्धार्थ बांड ने कहा कि यह आयोजन नई पीढ़ी को रस्किन बांड के साहित्य और विचारों से जोडऩे का एक प्रयास है। क्रॉसवर्ड बुक्स स्टोरी राइटिंग कॉन्टेस्ट के माध्यम से प्रतिभागियों को रस्किन बांड से मिलने का अवसर मिलेगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

