देहरादून,22 मई (आरएनएस)। शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में चल रही विद्यालय गोद लेने की पहल के तहत मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढौंडियाल ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय डांडा लखौण्ड को गोद लिया है। यह पहल शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत के आह्वान पर प्रदेशभर में की जा रही है। मुख्य शिक्षा अधिकारी ने शुक्रवार को विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में आवश्यक सुधार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानाध्यापक विनोद सिंह असवाल से विद्यालय की आवश्यकताओं की विस्तृत सूची तैयार करने को कहा। प्रधानाध्यापक की ओर से फर्नीचर की कमी, चहारदीवारी पर वाल पेंटिंग, रीडिंग रूम की स्थापना और एआई आधारित शिक्षण संसाधनों जैसी जरूरतों की सूची तैयार कर अधिकारियों को सौंपी गई।पिछले वर्ष विद्यालय के एक छात्र ने राज्य स्तर पर इंग्लिश स्पेलिंग जीनियस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया था, जबकि 2025-26 सत्र में एक छात्रा ने जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्य स्तर पर प्रतिभाग किया। मुख्य शिक्षा अधिकारी ने कहा कि बच्चों के लिए बेहतर शैक्षिक वातावरण तैयार करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने विद्यालय की सुविधाओं और शैक्षिक गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

