नई दिल्ली,22 मई (आरएनएस)। पश्चिम बंगाल की शुभेंदु अधिकारी सरकार की कैबिनेट का जल्द विस्तार होगा. ये बात नई दिल्ली के एक दिवसीय दौरे पर आए मुख्यमंत्री अधिकारी ने मीडिया से बात करते हुए कही.
साथ ही राज्य में अब केंद्र की योजनाएं, केंद्रीय नामों से ही लागू की जाएंगी. शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री का पद संभालने के बाद पहली बार दिल्ली पहुंचे थे. यहां राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से मुलाकात के अलावा अधिकारी ने भाजपा अध्यक्ष,नितिन नवीन, संगठन मंत्री बीएल संतोष और रक्षा मंत्री से भी मुलाकात की.
सूत्रों की माने तो केंद्रीय नेताओं से मुलाकात के बाद पश्चिम बंगाल की सरकार का रोडमैप भी तैयार किया गया है. भाजपा के वरिष्ठ नेता और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि राज्य में उनकी सरकार का कैबिनेट विस्तार बहुत जल्द होगा.
पार्टी अध्यक्ष और केंद्र के बड़े नेताओं से हुई विस्तृत बैठक के बाद रोडमैप तय कर लिया गया है. शुभेंदु अधिकारी शुक्रवार को दिल्ली में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे.
उन्होंने कहा, हमारी सरकार बनते ही सभी केंद्रीय योजनाओं को लागू करना शुरू कर दिया गया है. साथ ही एक महत्वपूर्ण बात बताते हुए उन्होंने कहा कि अब राज्य में सभी केंद्र की योजनाओं को जिसे अभी तक अमलीजामा नहीं पहनाया गया था उसे लागू किया जाएगा. साथ ही ये भी कहा कि जिन केंद्र की योजनाओं को टीएमसी सरकार नाम बदलकर चला रही थी उन्हें भी उनके ओरिजिनल नाम से लागू किया जाएगा.
साथ ही बंगाल के मुख्यमंत्री ने ये भी कहा कि जल्द ही कैबिनेट का विस्तार करके और मजबूत टीम के साथ विकास कार्यों को तेज गति दी जाएगी. बंगाल के मुख्यमंत्री ने कहा कि अवैध घुसपैठ पर सख्त रुख अपनाया जाएगा. साथ ही मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल में अवैध रूप से रह रहे लोगों के मुद्दे पर सख्त संकेत देते हुए कहा, जो भी व्यक्ति अवैध रूप से राज्य में रह रहे हैं, उनकी पहचान की जाएगी और उन्हें बीएसएफ के हवाले कर दिया जाएगा.
शुभेंदु अधिकारी ने अपनी सरकार की प्राथमिकताओं पर बात करते हुय बताया कि, आयुष्मान भारत योजना को पूरे राज्य में लागू किया जाएगा. नमामि गंगे परियोजना के तहत पश्चिम बंगाल को पर्याप्त धनराशि और प्रोजेक्ट्स आवंटित किए जाएंगे. कृषि क्षेत्र को विशेष बजट दिया जाएगा.
उन्होंने कहा कि, चिकन नेक क्षेत्र को एनएचएआई को सौंप दिया जाएगा ताकि रणनीतिक महत्व की इस कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा सके. उन्होंने कहा कि भाजपा के संकल्प पत्र में शामिल हर एजेंडे को धरातल पर उतारा जा रहा है और आगे भी पूरा किया जाएगा.
ईडी और सीबीआई की भूमिका का जिक्र करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा, ईडी और सीबीआई अपना काम स्वतंत्र रूप से कर रही हैं. उन्होंने कहा कि, भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर चल रही है. भाजपा सूत्रों के अनुसार, कैबिनेट विस्तार में कुछ नए चेहरे शामिल किए जा सकते हैं, खासकर उन जिलों से जहां पार्टी को और मजबूती देने की जरूरत है.
बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा अध्यक्ष की मौजूदगी में पश्चिम बंगाल के समग्र विकास रणनीति पर चर्चा हुई. यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब पश्चिम बंगाल में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और भाजपा राज्य में अपनी सरकार को और मजबूत बनाने की दिशा में सक्रिय है.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

