कबीरधाम 23 मई (आरएनएस) अपराधियों के लिए अब सबूत मिटाना आसान नहीं होगा, क्योंकि कबीरधाम जिले में पहुंच चुकी है ऐसी हाईटेक मोबाइल फॉरेंसिक वैन जो घटनास्थल पर ही वैज्ञानिक जांच कर अपराध की परतें खोल देगी। आधुनिक पुलिसिंग और तेज अनुसंधान व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में कबीरधाम जिले को “सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट” के तहत अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन की बड़ी सौगात मिली है। क्षेत्रीय न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला परिसर, जनपद कॉम्पलेक्स कवर्धा में आयोजित कार्यक्रम में विष्णुदेव साय और विजय शर्मा के प्रयासों से मिली इस हाईटेक वैन का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, पुलिस जवाबदेही प्राधिकरण सदस्य भगत पटेल, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, पूर्व विधायक मोतीराम चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी और पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। कार्यक्रम में बताया गया कि यह मोबाइल यूनिट घटनास्थल पर ही फिंगरप्रिंट, डिजिटल और भौतिक साक्ष्यों का प्राथमिक परीक्षण और संग्रहण करने में सक्षम है। इससे जांच में लगने वाला समय कम होगा और अपराधों का त्वरित खुलासा संभव हो सकेगा। अधिकारियों ने कहा कि वैज्ञानिक अनुसंधान आधारित जांच से न्यायिक प्रक्रिया और मजबूत होगी तथा दोषियों तक पहुंचने में पुलिस को तकनीकी बढ़त मिलेगी। संयुक्त संचालक आरडी अहिरवार ने बताया कि यह यूनिट आधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों से लैस है और गंभीर मामलों की जांच में बड़ी भूमिका निभाएगी। बहरहाल, कबीरधाम में पहुंची यह हाईटेक फॉरेंसिक वैन साफ संकेत है कि अब अपराधियों के हर कदम पर विज्ञान की पैनी नजर रहने वाली है।


