धमतरी 23 मई (आरएनएस) आईपीएल मैच पर करोड़ों के सपने दिखाने वाला ऑनलाइन सट्टे का खेल धमतरी में कार के भीतर धड़ल्ले से चल रहा था, लेकिन धमतरी पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई ने पूरे नेटवर्क की परतें खोलनी शुरू कर दी हैं। पीजी कॉलेज मैदान में खड़ी एक टाटा नेक्सॉन कार के अंदर मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन आईपीएल सट्टा खेल रहे दो आरोपियों को सिटी कोतवाली पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ लिया। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस पेट्रोलिंग टीम को अंबेडकर चौक के पास मुखबिर से सूचना मिली कि कार क्रमांक CG 05 AK 3677 में बैठकर दो युवक ऑनलाइन सट्टे का अवैध कारोबार चला रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही आसपास मौजूद कुछ लोग भाग निकले, लेकिन कार में बैठे अमीत वाधवानी पिता मुकेश वाधवानी उम्र 30 वर्ष निवासी नीलकमल गली आमापारा धमतरी हाल अर्जुन रेसिडेंसी शांति कॉलोनी तथा विजय ग्वालानी उर्फ बब्बू पिता स्वर्गीय अशोक ग्वालानी उम्र 30 वर्ष निवासी विवेकानंद कॉलोनी झूलेलाल नगर धमतरी को मोबाइल पर ऑनलाइन सट्टा खेलते रंगे हाथ पकड़ लिया गया। जांच में आरोपियों के मोबाइल में “All Panel Exchange” नामक ऑनलाइन सट्टा प्लेटफॉर्म की आईडी संचालित मिली, जिसके जरिए आईपीएल मैचों में हार-जीत पर दांव लगाया जा रहा था। पूछताछ में दोनों ने रकम के लेनदेन और ऑनलाइन सट्टा संचालन की बात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो आईफोन, दो रियलमी मोबाइल, 5200 रुपये नगद और टाटा नेक्सॉन कार समेत कुल लगभग 5 लाख 40 हजार 200 रुपये का मशरूका जब्त किया। थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 133/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7(1) और बीएनएस की धारा 112, 3(5) में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। अब पुलिस आरोपियों के मोबाइल, बैंक खातों, यूपीआई आईडी और डिजिटल ट्रांजेक्शन की तकनीकी जांच कर पूरे ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। फिलहाल, धमतरी पुलिस का साफ संदेश है कि ऑनलाइन सट्टे की चमकदार दुनिया में कानून की नजर अब हर डिजिटल दांव पर टिकी हुई है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

