उत्तर बस्तर कांकेर 23 मई (आरएनएस) आईपीएल मैचों पर मोबाइल स्क्रीन से चल रहा करोड़ों के नेटवर्क का खेल आखिरकार कांकेर पुलिस के रडार पर आ गया और “उजियारा अभियान” के तहत पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि ऑनलाइन सट्टे की पूरी चेन ही बेनकाब हो गई। ज्ञानी चौक स्थित माखन भोग होटल के पास देर रात चल रहे ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और कैसीनो बेटिंग नेटवर्क पर थाना सिटी कोतवाली कांकेर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने दबिश देकर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है। पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार साहू, एएसपी साइबर दिनेश कुमार सिन्हा और एसडीओपी मोहसिन खान के मार्गदर्शन में यह बड़ी कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी प्रतीक दादासाहब बनसोडे प्रशिक्षु IPS के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके से अमीन खान निवासी श्रीरामनगर कांकेर, मनीष कावडे निवासी शिवनगर कांकेर, सलमान मेमन निवासी शिवनगर कांकेर और रिजवान फारूकी निवासी शीतलापारा कांकेर को रंगे हाथ पकड़ा। जांच में राहुल गिडलानी निवासी आदर्श नगर कांकेर, अमन खटवानी निवासी आदर्श नगर कांकेर और एक विधि से संघर्षरत बालक द्वारा ऑनलाइन सट्टा आईडी उपलब्ध कराकर अवैध कमाई करना सामने आया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 मोबाइल फोन जप्त किए जिनकी कीमत करीब 2.25 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी अमन खटवानी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज होना भी सामने आया है। पुलिस ने सभी आरोपियों पर अपराध क्रमांक 170/2026 के तहत धारा 7, 8 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 और धारा 112(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया। बहरहाल, कांकेर पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि ऑनलाइन सट्टा और बेटिंग में शामिल लोगों पर अब केवल जुआ नहीं, बल्कि संगठित अपराध की धाराओं में भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


