बिलासपुर 23 मई (आरएनएस) इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती ने जब भरोसे का रूप लिया तो युवती को अंदाजा भी नहीं था कि प्यार और शादी के सपनों के पीछे दरिंदगी छिपी बैठी है। बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए युवती को प्रेमजाल में फंसाकर होटल ले जाकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। मामला अपराध क्रमांक 265/2026 धारा 69 बीएनएस के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक पीड़िता ने 22 मई 2026 को थाना तोरवा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से आरोपी निलेश कुमार जायसवाल से हुई थी। लगातार चैटिंग और बातचीत के बाद आरोपी ने युवती का भरोसा जीत लिया और नजदीकियां बढ़ाईं। आरोपी ने अपना जन्मदिन मनाने का बहाना बनाकर युवती को तोरवा क्षेत्र स्थित एक होटल में बुलाया, जहां शादी करने का झांसा देकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया। घटना के बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। महिला संबंधी अपराध को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल विशेष टीम गठित की और आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने तकनीकी जानकारी और पतासाजी के आधार पर आरोपी निलेश कुमार जायसवाल पिता हरिराम जायसवाल उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम जरेली थाना तखतपुर जिला बिलासपुर को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 23 मई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। फिलहाल यह मामला एक बार फिर सोशल मीडिया पर बन रहे रिश्तों को लेकर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है कि आभासी दुनिया में भरोसा करने से पहले सतर्क रहना कितना जरूरी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

