जांजगीर चांपा 23 मई (आरएनएस) रात के अंधेरे में मोटरसाइकिल से शराब की खेप खपाने निकले दो तस्करों का खेल अकलतरा पुलिस ने बीच रास्ते में ही खत्म कर दिया और 90 पौवा देशी शराब के साथ दोनों आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। जांजगीर-चांपा जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच थाना अकलतरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय आईपीएस के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में लगातार अवैध कारोबारियों पर शिकंजा कसा जा रहा है। इसी दौरान 22 मई 2026 को थाना अकलतरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक मोटरसाइकिल पल्सर क्रमांक CG11 BQ 8388 में एक बोरे के भीतर भारी मात्रा में देशी शराब भरकर अकलतरा से तरौद चौक की ओर बिक्री के लिए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी की और संदिग्ध बाइक को रोक लिया। पूछताछ के दौरान दोनों युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। गवाहों की मौजूदगी में बोरे की तलाशी लेने पर उसमें 90 नग देशी प्लेन शराब बरामद हुई। प्रत्येक शीशी में 180 एमएल शराब भरी थी। कुल 16.200 लीटर शराब की कीमत लगभग 7200 रुपये आंकी गई। पुलिस ने शराब के साथ परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली। गिरफ्तार आरोपियों में मोहित यादव पिता स्व. कंठीराम यादव उम्र 34 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 14 अकलतरा तथा सत्यपाल नोरगे उम्र 26 वर्ष निवासी मुरलीडीह थाना मुलमुला जिला जांजगीर-चांपा शामिल हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 289/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में HC रेमन सिंह राजपूत, आरक्षक महेंद्र राज और शेष नारायण साहू की भूमिका भी अहम रही। फिलहाल, पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि जिले में शराब तस्करी का हर रास्ता अब सीधे कानून की गिरफ्त में पहुंच रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

