सूरजपुर 23 मई (आरएनएस)जमीन हड़पने के लिए ऐसा फर्जी खेल खेला गया जिसने राजस्व रिकॉर्ड की विश्वसनीयता पर ही सवाल खड़े कर दिए। मृत व्यक्ति का फर्जी वारिस बनाकर करोड़ों की जमीन अपने नाम कराने वाले आरोपी को आखिरकार चंदौरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मामला ग्राम बंशीपुर की 3.25 हेक्टेयर जमीन से जुड़ा है, जहां 75 वर्षीय शिवचरण निवासी ग्राम परमेश्वरपुर ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत देकर आरोप लगाया था कि अशोक सिंह और उसके पिता लक्ष्मण सिंह ने धोखाधड़ी, छल और फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीन पर कब्जा कर लिया है। जांच एसडीओपी प्रतापपुर को सौंपी गई। दस्तावेजों और कथनों की पड़ताल में खुलासा हुआ कि शिवभजन की मौत 20 सितंबर 2014 को हो चुकी थी, लेकिन मौत के दो साल बाद 20 मई 2016 को फर्जी नामांतरण आदेश जारी कराया गया और 27 जून 2016 को फौती नामांतरण में लक्ष्मण सिंह पिता जोखन सिंह का नाम राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज करा दिया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी मुआवजा और नौकरी हासिल करने की नीयत से खुद को मृतक का वैध उत्तराधिकारी साबित कर रहे थे। मामले में थाना चंदौरा में अपराध क्रमांक 56/26 के तहत धारा 419, 420, 467, 468, 471, 120(बी), 34 भादंसं के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया। डीआईजी और एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर पुलिस ने दबिश देकर आरोपी अशोक सिंह निवासी ग्राम परमेश्वरपुर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने अपने पिता लक्ष्मण सिंह को मृतक शिवभजन का पुत्र बताकर फर्जी पंचनामा तैयार कराया और उसी आधार पर जमीन का नामांतरण करा लिया। फिलहाल पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी है। बहरहाल, यह मामला साफ संकेत है कि सरकारी रिकॉर्ड से छेड़छाड़ कर जमीन हड़पने वालों पर अब कानून का शिकंजा और कसने वाला है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

