देहरादून,23 मई (आरएनएस)। दून विहार वार्ड नंबर-6 के किशनपुर राजपुर रोड क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के चोक नाले की शनिवार को सफाई शुरू हो गई। ये नाला चोक होने से गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।यही नहीं ये गंदा पानी मुख्य सचिव आवास के सामने से होते हुए इंदर बाबा मार्ग तक फैल गया था। स्थानीय पार्षद मीनाक्षी नौटियाल की लगातार शिकायत के बाद शनिवार को नगर निगम की टीम जेसीबी लेकर वहां पहुंची। टीम ने नाले को तोडऩा शुरू कर दिया है। ताकि उसकी रिपेयरिंग की जा सके। पार्षद नौटियाल ने बताया कि नाले का दूषित पानी सड़क पर बहने से आसपास के आवासीय क्षेत्रों के साथ-साथ कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी प्रभावित हो रहे हैं। उनमें बदबू गंदगी से काफी बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि लंबे समय से गंदा पानी सड़क में बहने से आवाजाही में भी दिक्कत हो रही है। सबसे अधिक दिक्कत स्कूल आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को उठानी पड़ी, जिन्हें रोजाना गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा था। पैदल राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि उन्होंने सफाई शुरू होने पर नगर निगम और पीडब्ल्यूडी का आभार जताया।स्थानीय पार्षद मीनाक्षी नौटियाल द्वारा मामले की शिकायत नगर निगम और अधिकारियों से की गई थी। साथ ही समाचार पत्रों के माध्यम से भी समस्या को प्रमुखता से उठाया गया।शिकायतों के बाद बुधवार को संबंधित विभाग की ओर से नाले की सफाई की कार्रवाई शुरू की गई। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर चोक नाले को साफ कराया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था के लिए जल्द ही नाले के निर्माण और सुधार कार्य भी शुरू किए जाएंगे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

