हरिद्वार,23 मई (आरएनएस)। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और खाड़ी युद्ध संकट के बीच पेट्रोलियम कंपनियों ने नौ दिनों में तीसरी बार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिए हैं। शनिवार को पेट्रोल की कीमत में 81 पैसे और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। लगातार बढ़ रहे दामों का असर आम लोगों की जेब पर पडऩे लगा है। शनिवार को दाम बढऩे के बाद लोगों ने पंपों पर पेट्रोल 97.28 रुपये प्रति लीटर और डीजल 92.53 रुपये लीटर खरीदा। शहर में 14 मई तक पेट्रोल 92.47 रुपये और डीजल 87.62 रुपये लीटर बिक रहा था, लेकिन 15 मई को पेट्रोलियम कंपनियों ने दाम तीन रुपये प्रति लीटर बढ़ा दिए।
इसके बाद लोगों को एक लीटर पेट्रोल के लिए 95.47 रुपये और एक लीटर डीजल के लिए 90.62 रुपये खर्च करने पड़े। फिर 19 मई को तेल के दामों में इजाफा हुआ। अब लोगों को पेट्रोल 96.47 रुपये और डीजल के लिए 91.62 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। मई माह में तीन दफा में पेट्रोल की कीमतों में 4.81 रुपये और डीजल के दामों में 4.91 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज हुई है। तेल के दाम बढऩे का असर लोगों की जेब पर पड़ रहा है। तेल के दाम बढऩे के बाद रोजमर्रा के उपयोग की चीजें दूध, सब्जी, किराना, फल और यात्रा महंगी हो गई है। लोगों का महीने का बजट बढ़ गया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

