हरिद्वार,23 मई (आरएनएस)। भेल के हरिद्वार प्रभाग में केंद्रीय अनुवाद ब्यूरो के सहयोग से आयोजित पांच दिवसीय संक्षिप्त अनुवाद प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को समापन हो गया। अंतिम दिन हरिद्वार प्रभाग के करीब 25 कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में महाप्रबंधक एफबीएम एवं डब्ल्यूटी अमित कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम का अधिकतम लाभ उठाने और अपने ज्ञान व दक्षता में वृद्धि करने का आह्वान किया। साथ ही तकनीकी साहित्य का अधिक से अधिक हिंदी में अनुवाद किए जाने की आवश्यकता पर भी बल दिया। समापन सत्र की अध्यक्षता अपर महाप्रबंधक मानव संसाधन पार्थ सारथी गौडा ने की। उन्होंने कर्मचारियों को अपने अधिकतर कार्य हिंदी में करने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण के दौरान केंद्रीय अनुवाद ब्यूरो के संयुक्त निदेशक नरेश कुमार और सहायक निदेशक डॉ. गौतम शर्मा और डॉ. आशुतोष ने प्रतिभागियों को राजभाषा नीति, मानक अनुवाद प्रक्रिया, प्रशासनिक शब्दावली और अनुवाद में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। उप प्रबंधक राजभाषा शशि सिंह ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सभी का आभार व्यक्त किया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

