हरिद्वार,23 मई (आरएनएस)। कनखल क्षेत्र में हैंडपंप के पानी के बहाव को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले में क्रॉस रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूजा पत्नी अरविंद कुमार निवासी बजरीवाला बैरागी कैंप ने पुलिस को बताया कि पड़ोस में रहने वाला अंकित आए दिन उनके परिवार को परेशान करता है। 21 मई की शाम वह पानी भरने गई थीं, तभी अंकित ने उन्हें पानी भरने से रोक दिया। आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। महिला का कहना है कि बाद में अंकित उनके घर पहुंचा और मारपीट पर उतारू हो गया। जाते-जाते पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी भी दे गया।
दूसरे पक्ष से अंकित कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उसी रात करीब साढ़े आठ बजे संजय, उर्मिला, आरती कुमारी, पूजा देवी और अरविंद साहनी समेत कई लोगों ने उसके परिवार पर हमला कर दिया। अंकित के मुताबिक विवाद घर के सामने लगे हैंडपंप के पानी के बहाव को लेकर हुआ। हमले में उसके सिर पर गंभीर चोट आई और टांके लगाने पड़े। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

