भोपाल,23 मई (आरएनएस)। अरेरा कॉलोनी ई-3 इलाके में शुक्रवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसे में तीन साल के मासूम की पानी की टंकी में डूबने से मौत हो गई। घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। मासूम लव अहिरवार घर के बाहर खेलते-खेलते अचानक पानी से भरी टंकी में जा गिरा और किसी को भनक तक नहीं लगी।
पुलिस के मुताबिक, बच्चे के पिता ब्रजेश अहिरवार मूल रूप से सागर जिले के निवासी हैं और अरेरा कॉलोनी स्थित एक बंगले में काम करते हैं। परिवार वहीं बने सर्वेंट क्वार्टर में रहता है। बंगले के बाहर पानी जमा करने के लिए एक छोटी टंकी बनाई गई थी। शुक्रवार दोपहर लव वहीं आसपास खेल रहा था, जबकि उसके माता-पिता काम में व्यस्त थे।
घटना के समय लव की बड़ी बहन उसी टंकी में नहा रही थी। नहाने के बाद वह थोड़ी दूरी पर कपड़े बदलने चली गई। इसी दौरान खेलते-खेलते मासूम का संतुलन बिगड़ा और वह टंकी में गिर गया। टंकी में पानी भरा होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका।
कुछ समय तक बच्चा नजर नहीं आया तो परिजनों को चिंता हुई। तलाश करने पर लव टंकी में बेसुध पड़ा मिला। परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मर्ग कायम, जांच जारी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवाया गया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

