छतरपुर,23 मई (आरएनएस)। सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में शनिवार को एक 52 वर्षीय व्यक्ति की छत से गिरकर मौत हो गई। श?व की पहचान मोहम्मद सिद्धिक, पिता स्वर्गीय चंद वेग, निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के रूप में हुई।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को मोहम्मद सिद्धिक अपने घर की छत पर पानी की टंकी साफ करने और सूख रहे कपड़े उठाने गए थे। इसी दौरान, कपड़े फटकारते समय उनका पैर छत के किनारे लगी एक कमजोर और टूटी हुई ईंट पर पड़ गया।
ईंट के टूटने से उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सीधे नीचे सीमेंट की सड़क पर जा गिरे। घटना के बाद, परिजनों और आसपास के लोगों ने उन्हें तत्काल ई-रिक्शा की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने परीक्षण के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
अचानक हुए हादसे के बाद परिवार में गहरा दुख है। मोहल्ले में भी शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह घटना इतनी तेजी से हुई कि किसी को संभलने का अवसर नहीं मिला।

