टीकमगढ़,23 मई (आरएनएस)। जिले के बड़ागांव धसान नगर परिषद के वार्ड नंबर 15 में शनिवार को एक वर्षीय मासूम की पानी की टंकी में डूबने से मौत हो गई। बच्चा घर के बाहर खेलते समय हौदी में गिर गया था।
जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र लोधी का एक वर्ष एक माह का बेटा दक्ष घर के बाहर खेल रहा था। परिवार के सदस्य घर के कामों में व्यस्त थे और बच्चे पर ध्यान नहीं दे पाए। इसी दौरान दक्ष खेलते-खेलते घर के बाहर बनी पानी से भरी हौदी के पास पहुंच गया और उसमें गिर गया।
जब परिवार का एक सदस्य पानी लेने के लिए हौदी के पास गया, तो दक्ष का शव पानी में देखा। परिजन तुरंत बच्चे को बड़ागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बच्चे के दादा गोविंद लोधी ने बताया कि घटना के दिन परिवार माता पूजन की तैयारी में था। बच्चे की मां प्रसाद बनाने में व्यस्त थी, जबकि घर के अन्य सदस्य अपने-अपने कामों में लगे थे। इस दौरान किसी का ध्यान दक्ष पर नहीं गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

