कोलकाता,23 मई (आरएनएस)। बंगाल के नए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में भी काम कर रही है। वर्तमान में अलीपुरद्वार, कलिम्पोंग, आसनसोल और दक्षिण दिनाजपुर प्रशासनिक जिलों में मेडिकल कॉलेज नहीं हैं। इन जिलों के लिए आवश्यक भूमि और प्रस्ताव जल्द ही केंद्र सरकार को भेजे जाएंगे। साथ ही उत्तर बंगाल में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) स्थापित करने की दिशा में भी पहल की जाएगी। मुख्यमंत्री ने राज्य में पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों की मृत्यु दर को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कुछ जिलों में बाल मृत्यु दर अपेक्षाकृत अधिक है, जिसे कम करने के लिए विशेष स्वास्थ्य योजनाओं और निगरानी की आवश्यकता है। उन्होंने विशेष रूप से कोलकाता, मुर्शिदाबाद, पूर्व बर्धमान, बीरभूम और मालदा जिलों की स्थिति पर चिंता जताई और अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने बताया कि चालू वित्त वर्ष में केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल के लिए 2103 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है, जिसमें से एक चौथाई धनराशि राज्य को हस्तांतरित भी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि इस राशि का उपयोग स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत बनाने, चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार करने और आम लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में किया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

